बर्ड तस्करी का बड़ा खुलासा : जयपुर में डाकघर के पार्सल में मिले पक्षियों के पंख व अंग
NBT24 खबर जयपुर से........
जयपुर के विदेश डाकघर में मिले पार्सल, कस्टम व वन विभाग की टीम कर रही जांच
जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर के विदेश डाकघर में कस्टम विभाग की टीम ने बर्ड तस्करी मामले का बड़ा खुलासा किया है। पार्सलों में जंगली पक्षियों की तस्करी पकड़ में आने से वन विभाग को भी जांच में शामिल किया गया। पार्सलों में शुतुरमुर्ग के पंख और ग्रेटर बर्ड आफ पैराडाइज की तस्करी पकड़ी गई है।
कस्टम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जयपुर के विदेश डाकघर में बर्ड तस्करी को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। संदेह के आधार पर दो पार्सल की जांच की गई थी। इनमें जंगली पक्षियों के पंख व अंग पाए गए। कस्टम आयुक्त सुभाषचंद्र अग्रवाल के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बताया गया कि वन्यजीव अधिनियम के तहत वन्यजीव का निर्यात प्रतिबंधित है। ऐसे में बर्ड तस्करी के मामले की प्रारंभिक जांच में कस्टम विभाग ने वन विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया है। वन विभाग के अधिकारियों ने शुतुरमुर्ग के पंख और ग्रेटर बर्ड ऑफ पैराडाइज जीवों के अंग होने की पुष्टि की है। जांच में संदेहास्पद दस्तावेज भी बरामद किए गए। डाकघर में अन्य पार्सलों की भी जांच पड़ताल की गई है। इसके तहत कस्टम विभाग ने दस्तावेजों को जब्त किया है। इस आधार पर कस्टम विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है। बर्ड तस्करी के इन मामलों में अब गहनता से जांच की जा रही है।
Comments
Post a Comment